Indigo Flight Emergency Landing: इंडिगो की फ्लाइट 6E 2102 में मंगलवार सुबह उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी की सूचना मिली। गोवा से दिल्ली जा रही यह फ्लाइट उड़ान के दौरान एक इंजन में समस्या सामने आने के बाद वापस गोवा एयरपोर्ट की ओर लौट गई। स्थिति को देखते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने कुछ समय के लिए फुल इमरजेंसी घोषित कर दी। सूत्रों के मुताबिक, विमान ने सुबह 9:16 बजे गोवा से उड़ान भरी। करीब 9:30 बजे इसे वापस मोड़े जाने के दौरान ATC ने आपात स्थिति घोषित की। फ्लाइटराडार24 के आंकड़ों के अनुसार, विमान दक्षिणी महाराष्ट्र के तट के पास से गोवा लौट रहा था और एयरपोर्ट की ओर मुड़ते समय करीब 14,000 फीट की ऊंचाई पर था। विमान ने सुबह 9:51 बजे रनवे 28 पर सुरक्षित लैंडिंग की और स्टैंड 6 पर पार्क हुआ। इसके बाद 10:03 बजे फुल इमरजेंसी खत्म कर दी गई। सभी यात्री सुरक्षित उतर गए। फिलहाल इंजन में आई खराबी की सटीक वजह स्पष्ट नहीं है। दिल्ली की उड़ान को परिचालन जरूरतों के चलते दोपहर 3:30 बजे के लिए पुनर्निर्धारित किया गया।