Kanwad Yatra: सावन के साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सड़कें आस्था और भक्ति के रंग में रंग गई हैं। दिल्ली-हरिद्वार हाईवे से लेकर मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और बागपत तक कांवड़ियों की लगातार आवाजाही दिखाई दे रही है। हर ओर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम भोले’ के जयकारे गूंज रहे हैं। कंधों पर गंगाजल लेकर शिवभक्त अपने-अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। दिन हो या रात, हाईवे पर पैदल जत्थों के साथ डाक कांवड़िए भी तेजी से आगे बढ़ते नजर आ रहे हैं। भगवा रंग में सजे कांवड़ियों के जत्थे और रास्तों पर उमड़ती भीड़ यात्रा के उत्साह को और बढ़ा रही है। DJ और ढोल पर झूमते शिवभक्त कांवड़ यात्रा के दौरान कई जत्थों के साथ डीजे, ढोल और भजन मंडलियां चल रही हैं। भक्ति गीतों की धुन पर शिवभक्त झूमते हुए अपनी यात्रा पूरी कर रहे हैं। शाम ढलने के बाद कांवड़ मार्गों का नजारा और भी आकर्षक हो जाता है। रोशनी से सजी कांवड़, भजनों की गूंज और भगवा रंग से सजे जत्थे पूरे माहौल को उत्सव जैसा बना देते हैं। डाक कांवड़ की रफ्तार ने बढ़ाया उत्साह डाक कांवड़िए तेज गति से अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं, जबकि सामान्य कांवड़ लेकर चल रहे श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए यात्रा पूरी कर रहे हैं। कई जगह स्थानीय लोग भी कांवड़ मार्गों पर पहुंचकर शिवभक्तों का स्वागत और सेवा कर रहे हैं। जगह-जगह सेवा शिविर और भंडारे कांवड़ मार्गों पर श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह सेवा शिविर लगाए गए हैं। इन शिविरों में भोजन, पानी, शरबत और विश्राम की व्यवस्था की गई है। बड़ी संख्या में स्वयंसेवक दिन-रात कांवड़ियों की सेवा में जुटे हैं। मुजफ्फरनगर में सीओ ऋषिका सिंह के महिला कांवड़ियों की सेवा करने की तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए, जिनकी चर्चा हो रही है। कई स्थानों पर शिवभक्तों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया जा रहा है। महाशिवरात्रि पर बढ़ेगी भीड़ कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण में हाईवे और प्रमुख कांवड़ मार्गों पर भीड़ लगातार बढ़ रही है। 11 अगस्त को महाशिवरात्रि के अवसर पर शिवालयों में कांवड़िए गंगाजल चढ़ाएंगे। ऐसे में आने वाले दिनों में कांवड़ मार्गों पर श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है। प्रशासन भी यातायात, सुरक्षा और कांवड़ियों की सुविधाओं को लेकर लगातार निगरानी कर रहा है। ये भी पढ़ें: मेरठ में कांवड़ियों पर बरसे फूल, CM योगी के मंच के सामने ड्रोन से मचा हड़कंप