उत्तर प्रदेशगाजियाबाद

सब्जी में मिला मरा कॉकरोच, फिर रेस्टोरेंट की रसोई में पहुंची टीम! जांच में खुली गंदगी की पोल

गाजियाबाद के रेस्टोरेंट में सब्जी में मरा कॉकरोच मिलने की शिकायत के बाद खाद्य विभाग ने छापा मारा। रसोई में गंदगी और खराब डीप फ्रीजर मिला, सैंपल लिए गए।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Ghaziabad Restaurant: गाजियाबाद के मोहन नगर में आईटीएस कॉलेज के पास स्थित एक चर्चित रेस्टोरेंट की रसोई पर खाद्य विभाग ने कार्रवाई की है। कुछ दिन पहले यहां बर्थडे सेलिब्रेशन के दौरान परोसी गई सब्जी में मरा हुआ कॉकरोच मिलने की शिकायत सामने आई थी। घटना का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया। इसके बाद खाद्य विभाग की टीम ने रेस्टोरेंट की रसोई का निरीक्षण किया।

सब्जी में मिला था कॉकरोच

जानकारी के मुताबिक, दिव्या परिहार अपने भाई गोपाल समेत परिवार के छह सदस्यों के साथ बर्थडे मनाने रेस्टोरेंट पहुंची थीं। खाना परोसे जाने के बाद परिवार की नजर सब्जी में पड़े मरे हुए कॉकरोच पर गई। इसके बाद उन्होंने रेस्टोरेंट के स्टाफ और मैनेजर से शिकायत की। दिव्या के अनुसार, शिकायत के बाद करीब आधे घंटे तक परिवार और स्टाफ के बीच बातचीत होती रही। परिवार का आरोप है कि स्टाफ ने माफी मांगकर मामला शांत कराने की कोशिश की। उनका कहना है कि उन्हें शेफ से भी नहीं मिलवाया गया और यह भी स्पष्ट नहीं किया गया कि संबंधित सब्जी को दूसरे ग्राहकों को परोसा गया या नहीं।

परिवार के छह लोगों का बिल करीब 1,500 रुपये आया था। घटना के बाद उन्होंने बिल देने से इनकार कर दिया। इस दौरान बनाए गए वीडियो और कॉकरोच की तस्वीर सोशल मीडिया पर सामने आई, जिसके बाद मामला प्रशासन तक पहुंचा।

जांच में रसोई में मिली गंदगी

शिकायत के बाद खाद्य विभाग की टीम बुधवार को रेस्टोरेंट पहुंची। जांच के दौरान अधिकारियों को रसोई में साफ-सफाई से जुड़ी कई कमियां मिलीं। प्रशासन के मुताबिक, डीप फ्रीजर की स्थिति भी खराब थी और उसके अंदर कीड़े पाए गए। टीम ने रेस्टोरेंट में इस्तेमाल होने वाली खाद्य सामग्री की भी जांच की। मस्टर्ड ऑयल, पानी, पनीर और सॉस समेत कई चीजों के नमूने लिए गए हैं। इन सैंपलों को प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जाएगा।

एडीएम सिटी की मौजूदगी में हुई जांच

एडीएम सिटी विकास कश्यप भी खाद्य विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन के अनुसार, जांच के दौरान ग्राहक की शिकायत सही पाई गई। इसके अलावा रसोई में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़े मानकों में भी कमियां मिलीं। जांच के बाद रेस्टोरेंट प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया है। प्रशासन ने निर्देश दिया है कि जब तक खाद्य सुरक्षा से जुड़े जरूरी मानक पूरे नहीं किए जाते, तब तक रसोई बंद रहेगी।

सैंपल रिपोर्ट के बाद तय होगी कार्रवाई

फिलहाल खाद्य विभाग को प्रयोगशाला रिपोर्ट का इंतजार है। सैंपल की जांच से यह स्पष्ट होगा कि रेस्टोरेंट में इस्तेमाल हो रही खाद्य सामग्री निर्धारित मानकों पर खरी उतरती है या नहीं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में एक ग्राहक की शिकायत से शुरू हुई कार्रवाई अब खाद्य सुरक्षा और रसोई की स्वच्छता की विस्तृत जांच तक पहुंच चुकी है।

ये भी पढ़ें: बड़ा हादसा टला: बच्चों से भरी स्कूल वैन सड़क से नीचे गिरी, सभी सुरक्षित

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »