Building safety issue : ज़्यदा तर हेलमेट का इस्तेमाल सड़कों पर गाड़ी चलाते समय सुरक्षा के लिए होता है, लेकिन नोएडा के एक रिहायशी सोसाइटी में अब लोग खुद को बचाने के लिए पैदल चलते और घूमते समय भी हेलमेट का इस्तेमाल कर रहे है । नोएडा के सेक्टर 78 में स्थित गोल्फ व्यू सोसाइटी से एक चौकाने वाली तस्वीर सामने आई है, जहां रहने वाले लोग, बच्चे और बुजुर्ग अब अपने ही घर के प्रांगण में हेलमेट पहनकर टहल रहे हैं और साइकिल चला रहे हैं। लगातार गिर रहा है इमारतों का प्लास्टर सोसाइटी के निवासियों का कहना है कि ऊंची इमारतों से कंक्रीट और प्लास्टर के बड़े-बड़े टुकड़े नीचे गिरने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं और हाल ही में एक बड़ा हादसा होने से बच गया जब प्लास्टर का एक भारी हिस्सा नीचे खड़ी एक कार पर गिरा। उस वक्त पास से ही एक शादीशुदा जोड़ा गुजर रहा था, जो बाल-बाल खतरे से बच गया। इस घटना के बाद से लोग इतने डरे हुए हैं कि उन्होंने खुले रास्तों को छोड़ कर बेसमेंट से आना-जाना शुरू कर दिया है और बाहर निकलते समय सिर ढककर निकल रहे हैं। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की घटना के बाद बढ़ा डर सोसाइटी के निवासियों में यह डर तब और ज्यादा बढ़ गया, जब कुछ ही दिन पहले ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक दूसरी सोसाइटी (अरिहंत अंबर) में कंक्रीट का टुकड़ा गिरने से एक 46 वर्षीय मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई थी। उस घटना से सीख लेते हुए यहां के निवासियों ने अब बिल्डर और प्रशासन का इंतजार करना छोड़ दिया है और अपनी सुरक्षा के लिए खुद सुरक्षा मोड में आ गए हैं। बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा दांव पर सोसाइटी के निवासियों ने जानकारी दी कि इमारतों के खराब हिस्सों और रखरखाव को लेकर कई सालों से शिकायतें की जा रही थी लेकिन बिल्डर द्वारा सिर्फ अस्थायी मरम्मत करवा दी जाती थी, जिससे समस्या ज्यों का त्यों बनी हुई है। हवा चलने और आने वाले मानसून का खतरा देखते हुए यह डर और बढ़ गया है। बच्चों को घरों में कैद नहीं रखा जा सकता, इसलिए अब वे बाहर साइकिल चलाते या खेलते समय हेलमेट पहनते हैं। निवासियों का दर्द अपनी पूरी जिंदगी की कमाई लगाकर लोगों ने यहां घर खरीदे हैं। उनका कहना है कि अपनी ही सोसाइटी में घूमते हुए सुरक्षित महसूस करने के लिए हेलमेट पहनना पड़े, यह व्यवस्था और बिल्डरों की बड़ी लापरवाही पर एक बड़ा सवालिया निशान है। ये भी पढ़े : Jewar Airport: पहली कमर्शियल फ्लाइट से पहुंचे 75 दिग्गज कारोबारी परिवार