उत्तर प्रदेशहमीरपुर

महिला सिपाही संग रह रहे सिपाही पति को पत्नी ने रंगे हाथ पकड़ा, आपत्तिजनक हालत देखकर मचा बवाल

प्रतापगढ़ में शुरू हुए प्रेम प्रसंग का हमीरपुर में खुलासा हो गया। सिपाही की पत्नी ने महिला सिपाही के किराए के कमरे पर पहुंचकर दोनों को साथ पकड़ा। मौके पर जमकर हंगामा हुआ।

Reported by Ashutosh Dixit and edited by Shagun Chaurasia

Hamirpur News: उत्तर प्रदेश पुलिस से जुड़ा एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे विभाग में चर्चा छेड़ दी है। प्रतापगढ़ में शुरू हुई एक प्रेम कहानी का पर्दाफाश हमीरपुर में उस वक्त हुआ, जब एक सिपाही की पत्नी अपने परिजनों के साथ अचानक उस किराए के मकान पर पहुंच गई, जहां उसका पति एक महिला पुलिसकर्मी के साथ रह रहा था। कमरे के अंदर का नजारा देखकर पत्नी का गुस्सा फूट पड़ा और मौके पर जमकर हंगामा हुआ।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, मामला हमीरपुर शहर के सदर कोतवाली क्षेत्र का है। यहां पुलिस लाइन में तैनात एक महिला सिपाही शहर के एक मोहल्ले में किराए के मकान में रह रही थी। बताया जा रहा है कि महिला सिपाही ने मकान मालिक और आसपास के लोगों को उस सिपाही को अपना पति बताकर परिचित कराया था। दोनों पिछले कई दिनों से एक साथ रह रहे थे।

प्रतापगढ़ में हुई थी मुलाकात

सूत्रों के मुताबिक, महिला सिपाही और पुरुष सिपाही की मुलाकात प्रतापगढ़ में तैनाती के दौरान हुई थी। दोनों के बीच धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ीं और यह रिश्ता प्रेम प्रसंग में बदल गया। बताया जा रहा है कि पुरुष सिपाही पहले से शादीशुदा है और उसकी एक छोटी बच्ची भी है। इसके बावजूद दोनों के बीच संबंध लगातार गहरे होते गए। परिजनों का आरोप है कि प्रतापगढ़ में भी दोनों के रिश्ते को लेकर कई बार शिकायतें हुई थीं। मामला उच्च अधिकारियों तक पहुंचा था, जिसके बाद संबंधित सिपाही के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी हुई थी। हालांकि इसके बाद भी दोनों का संपर्क बना रहा।

हमीरपुर आने के बाद फिर बढ़ी नजदीकियां

कुछ समय पहले महिला सिपाही का तबादला हमीरपुर हो गया था। यहां आने के बाद उसने किराए का मकान लिया और वहीं रहने लगी। आरोप है कि इसके बाद पुरुष सिपाही भी अक्सर उसके पास आने लगा। धीरे-धीरे दोनों एक साथ रहने लगे और आसपास के लोगों को पति-पत्नी होने का विश्वास दिला दिया गया।इधर, सिपाही की पत्नी को लगातार पति की गतिविधियों पर शक था। बताया जाता है कि उसने कई बार पति से इस बारे में सवाल भी किए, लेकिन उसे संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

आधी रात पहुंची पत्नी

घटना ने उस समय नाटकीय मोड़ ले लिया जब सिपाही की पत्नी अपने परिजनों के साथ हमीरपुर पहुंच गई। काफी तलाश और जानकारी जुटाने के बाद उन्हें उस किराए के मकान का पता चल गया, जहां दोनों रह रहे थे। बताया जा रहा है कि तड़के करीब तीन बजे पत्नी और उसके परिजन पुलिस की मौजूदगी में मकान पर पहुंचे। जैसे ही कमरे का दरवाजा खुला, अंदर मौजूद दोनों को देखकर पत्नी भड़क उठी। इसके बाद मौके पर जोरदार हंगामा शुरू हो गया। गुस्साई पत्नी ने पति को खरी-खोटी सुनाई और उसके साथ मारपीट भी कर दी।

पुलिस ने संभाला मामला

हंगामे की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए। स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप किया और किसी तरह सभी को शांत कराया। इसके बाद दोनों पक्षों को सदर कोतवाली ले जाया गया, जहां देर तक बातचीत और पूछताछ का दौर चला।

शिकायत के बावजूद नहीं दर्ज हुआ मुकदमा

घटना के बाद पीड़ित पत्नी और उसके परिजनों ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत की। हालांकि खबर लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक तहरीर नहीं दी गई थी। इसी वजह से पुलिस ने कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया है। सदर कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में आया है और इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। यदि किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दी जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम की चर्चा पुलिस विभाग से लेकर आम लोगों के बीच बनी हुई है। आधी रात हुए इस हाई-वोल्टेज ड्रामे ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं और अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि आगे इस मामले में क्या कार्रवाई होती है।

ये भी पढ़ें: ट्रक में बैठकर किया सफर, फिर नकदी लेकर भागा दरोगा, चालक ने पीछा कर जड़े थप्पड़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »