उत्तर प्रदेशकानपुर

युवक को हिरासत में लेने पर सपा विधायक का धरना, पुलिस पर पिटाई के आरोप

कानपुर में चोरी के शक में हिरासत में लिए गए युवक को छुड़ाने के लिए सपा विधायक अमिताभ बाजपेई पुलिस चौकी में धरने पर बैठ गए। विधायक ने पुलिस पर युवक को पट्टे से पीटने और झूठे मामले में फंसाने का आरोप लगाया।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में चोरी के शक में पकड़े गए युवक को थर्ड डिग्री देने और गलत फंसाए जाने के आरोप लगाकर सपा विधायक अमिताभ बाजपेई ने फीलखाना थाने की सिरकी मोहाल पुलिस चौकी में आठ घंटे धरना दिया। इसके समर्थन में व्यापारियों और बार एसोसिएशन के वकीलों समेत भाजपा के पार्षद भी आ गए। इस बीच चौकी पहुंचे एसीपी कोतवाली अमित पांडेय से भी उनकी तूतू-मैं-मैं हुई। इस पर विधायक ने हाथ में पट्टा लेकर भाजपा सरकार में ‘प्रजातंत्र नहीं पट्टातंत्र’ और ‘पुलिस सहायता केंद्र के बजाय पुलिस प्रताड़ना केंद्र’ का आरोप लगाया। आठ घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद पुलिस ने युवक को छोड़ा तो धरना खत्म हुआ।

पुलिस पर पिटाई के आरोप

जानकारी के मुताबिक, घुमनी बाजार निवासी राजेश अग्रवाल द्वारिकाधीश मंदिर में मैनेजर हैं। शनिवार रात चोर उनके घर से 3.50 लाख कैश और डेढ़ किलो जेवर चोरी कर ले गए। पुलिस जांच में सीसीटीवी फुटेज से इलाके के अमन अग्रवाल की गतिविधियां संदिग्ध मिलीं तो रविवार को पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। सोमवार दोपहर करीब दो बजे सपा विधायक अमिताभ बाजपेई को सूचना मिली कि अमन अग्रवाल को पुलिस ने चोरी के शक में उठाकर पट्टे से पीटा है। इसके विरोध में सपा विधायक जी कार्यकर्ताओं के साथ सिरकी मोहाल पुलिस चौकी के बाहर धरने पर बैठ गए। विधायक के समर्थन में बार एसोएिसशन के महामंत्री, लाठी मोहाल व्यापार मंडल के लोग, प्रतिनिधि उद्योग व्यापार के जिलाध्यक्ष समेत सपा और भाजपा के पार्षद-कार्यकर्ता भी धरने पर बैठे।

युवक को फंसाने का आरोप

सपा विधायक का आरोप है कि जब वह अमन अग्रवाल को पकड़े जाने पर जानकारी लेने पुलिस चौकी पहुंचे तो वहां उन्हें पट्टा मिला। अमन ने पुलिस पर उसी पट्टे से पीटने का आरोप लगाया। इस पिटाई की वजह जब उन्होंने पुलिसकर्मियों से पूछी तो उलटा चौकी प्रभारी ने कहा कि हम पांच हजार रुपये और दो चांदी के सिक्के की बरामदगी दिखाकर फंसा देते हैं। इसके बाद अमिताभ पांच हजार रुपये और दो चांदी के सिक्के लेकर बैठ गए।

व्यापारी और वकील भी धरने में शामिल

विधायक के धरने की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय व्यापारी संगठनों, बार एसोसिएशन से जुड़े अधिवक्ताओं और विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। धरने में सपा के साथ भाजपा के कुछ पार्षद और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की बात भी सामने आई है।

महिला थानेदार से भी हुई बहस

सपा विधायक अमिताभ बाजपेई ने फीलखाना थाने की महिला थानेदार रीना सिंह से कहा कि अफसर को बुलाइए। रीना सिंह ने कहा कि मैंने फोन पर बात की है, वो आ रहे हैं। इस पर अमिताभ ने भड़कते हुए कहा कि क्या…..आ रहे हैं, आ रहे हैं लगा रखा है। विधायक ने फिर भड़कते हुए कहा कि इस कुर्सी पर कोई पुरुष बैठा होता तो उससे अब तक दो-दो हाथ कर लिया होता। इतना खिलवाड़ मत समझिए इसको। इस मामले में एसीपी कोतवाली अमित कुमार पांडेय ने बताया कि संदिग्ध युवक को पूछताछ के लिए लाया गया था। सपा विधायक युवक को जबरन छुड़ाने की मांग करने के लिए धरना दे रहे थे। युवक को शक के आधार पर पूछताछ के लिए लाया गया था। पुलिस पर लगाए गए मारपीट के आरोप गलत है। पर्याप्त सबूत न मिलने पर उसे छोड़ दिया गया है।

पुलिस ने आरोपों को बताया गलत

एसीपी कोतवाली अमित कुमार पांडेय ने पुलिस पर लगाए गए मारपीट के आरोपों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि अमन अग्रवाल को चोरी के मामले में पूछताछ के लिए लाया गया था। चोरी की घटना वाली जगह के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में उसके आने-जाने की गतिविधियां सामने आई थीं, जिसके आधार पर वह पुलिस को संदिग्ध लगा। एसीपी के मुताबिक, पुलिस ने युवक से पूछताछ की, लेकिन पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने पर उसे छोड़ दिया गया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है। करीब आठ घंटे तक चले धरने के बाद युवक को छोड़े जाने पर विधायक ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। पुलिस युवक के खिलाफ लगाए गए आरोपों और चोरी की घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें: पंखा बंद करने गई बेटी बचाने पहुंचे पिता-बहन भी झुलसे! एक ही परिवार के तीन लोग झुलसे

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »